जनसंवाद: सीएम ने की कार्यों की समीक्षा, आला अधिकारियों को लगायी गयी फटकार

गुमला : मुख्यमंत्री जनसंवाद के वीडियो कॉन्फ्रेंस में सीएम रघुवर दास ने गुमला जिले के आला अधिकारियों को काफी फटकार लगायी है. सीएम मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से आमजनों की ओर से मिलने वाली शिकायतों के समाधान की दिशा में अब तक किये गये कार्यों की जिलेवार समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा के क्रम में […]

गुमला : मुख्यमंत्री जनसंवाद के वीडियो कॉन्फ्रेंस में सीएम रघुवर दास ने गुमला जिले के आला अधिकारियों को काफी फटकार लगायी है. सीएम मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से आमजनों की ओर से मिलने वाली शिकायतों के समाधान की दिशा में अब तक किये गये कार्यों की जिलेवार समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा के क्रम में जब गुमला जिला की बारी आयी, तो सीएम ने जिले के तीन मामलों की समीक्षा की. जिसमें चैनपुर थाना क्षेत्र से प्राप्त शिकायत के आलोक में कोई ठोस कदम नहीं उठाये जाने पर सीएम ने आला अधिकारियों को फटकार लगायी. ज्ञात हो कि चैनपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने थाने में शिकायत की थी कि एक युवक उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करता है.

पुलिस प्रशासन द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिये जाने के बाद युवती का अपहरण हो गया. अपहरण के बाद युवती की मां ने थाने में अपनी बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया. दर्ज मामले में युवती की मां ने आरोपी युवक का नाम भी दिया था और गिरफ्तार करने की मांग की थी. अपहरण के तीन दिन के अंदर पुलिस ने युवती को जंगल से तो बरामद कर लिया, लेकिन अब तक आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया.

युवती के अनुसार, अपहरण होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था. मंगलवार जब सीएम ने मामले की समीक्षा की, तो बताया गया कि आरोपी युवक अब तक गिरफ्तार नहीं हो सका है. इस पर सीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया. सीएम ने कहा कि जनता को हमसे काफी उम्मीदें हैं. हमारा प्रयास होगा कि हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें. सीएम ने चैनपुर के मालम में शौचालय निर्माण की जांच बीडीओ से कराने के लिए कहा है. यहां शौचालय निर्माण में घटिया काम की शिकायत के बाद सीएम ने नाराजगी जतायी है.

निर्माणाधीन सड़क की जांच कराने का निर्देश
सीएम ने चैनपुर प्रखंड के जामगाई डहुडांड़ गांव में पीएमजीएसवाइ के तहत 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क की जांच कराने का निर्देश दिया. स्थानीय ग्रामीणों ने शिकायत की है कि सड़क निर्माण के कार्य में अनियमितता बरती जा रही है. सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप मेटल का उपयोग नहीं किया गया है. वहीं बिना रोलर चलाये और समतल किये मोरम डाल दिया गया है, जिससे सड़क कमजोर हो गयी है. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत पर 15 दिन पूर्व ही उपायुक्त द्वारा जांच का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक जांच नहीं की गयी है. इस मामले में सीएम ने इंजीनियर और ठेकेदार के साथ सड़क की जांच कराने का निर्देश दिया.
मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का निर्देश
दूसरे मामले में सीएम ने जिले के विद्युत विभाग के इइ को फटकार लगायी. बिशुनपुर प्रखंड के बनारी ग्राम निवासी संजय कुमार के बनारी स्थित जमीन पर विद्युत सब-स्टेशन बनाया गया है. संजय सहित तीन लोगों की 3.96 एकड़ जमीन पर विद्युत सब स्टेशन बनाया गया है. जिसमें से संजय को अब तक पूरा मुआवजा नहीं मिला है. संजय ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से सीएम से की है. मंगलवार को सीएम ने मामले की सुनवाई करते हुए विद्युत विभाग के इइ को फटकार लगायी और शिकायतकर्ता संजय कुमार से मिल कर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >