गुमलाः SIR-2026 अभियान के तहत गुमला जिले ने निर्धारित अंतिम तिथि से पहले ही जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों 67-सिसई, 68-गुमला और 69-बिशुनपुर में गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया का शत-प्रतिशत निष्पादन पूरा कर लिया है.जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलेश्वर महतो के नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों में वितरित कुल 8,07,572 गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इसमें 7,00,800 गणना प्रपत्रों (86.77 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण किया गया है, जबकि शेष 1,06,818 गणना प्रपत्रों (13.23 प्रतिशत) को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सत्यापित कर नियमानुसार असंग्रहित श्रेणी में शामिल करते हुए प्रक्रिया पूरी की गई है.
विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में 67-सिसई विधानसभा क्षेत्र में वितरित 2,67,358 गणना प्रपत्रों में से 2,35,824 प्रपत्रों (88.20 प्रतिशत) का डिजिटलीकरण किया गया तथा 31,537 प्रपत्रों (11.80 प्रतिशत) का सत्यापन कर 100 प्रतिशत प्रक्रिया पूरी की गई. 68-गुमला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,52,221 प्रपत्रों में से 2,14,887 (85.20 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया, जबकि 37,335 (14.80 प्रतिशत) प्रपत्रों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी की गई.
69-बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र में वितरित 2,87,993 प्रपत्रों में से 2,50,089 (86.83 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटलीकरण और 37,946 (13.17 प्रतिशत) प्रपत्रों का सत्यापन करते हुए 100 प्रतिशत कार्य पूरा किया गया. उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बताया कि SIR-2026 के अगले चरण के तहत पांच अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद पांच अगस्त से चार सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका नियमानुसार तीन अक्तूबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सात अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
