सुबह घर में घुसकर चोर ने उड़ाये दो लाख के जेवरात और नकदी, वारदात सीसीटीवी में कैद

गोड्डा के फसिया डंगाल में चोरों ने घर में घुसकर दो लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।

गोड्डा शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों और व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस एक मामले का खुलासा कर भी नहीं पाती कि दूसरी घटना सामने आ जाती है. ताजा मामला रविवार का है, जब नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित फसिया डंगाल मोहल्ले में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। घटना के समय घर में केवल एक वृद्ध महिला मौजूद थीं.

कचरा फेंकने बाहर निकली थीं वृद्धा\प्राप्त जानकारी के अनुसार फसिया डंगाल निवासी कथावाचक गोविंद शरण जी महाराज की माता दीपा देवी घर में अकेली थीं. रविवार की सुबह लगभग 4:25 बजे वह घर का कचरा फेंकने के लिए बाहर निकली थीं. इसी दौरान घर का दरवाजा खुला देखकर पहले से घात लगाये एक अज्ञात युवक घर के अंदर घुस गया. उसने कमरे में रखे बैग की तलाशी ली और उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद के साथ लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया.

भागते समय वृद्धा से हुआ आमना-सामना चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी घर से निकल रहा था, उसी समय कचरा फेंककर लौट रही दीपा देवी का उससे आमना-सामना हो गया. हालांकि, सुबह का समय होने और अचानक हुई इस घटना के कारण वह कुछ समझ नहीं सकीं और आरोपी मौके से भाग निकला. बाद में जब उन्होंने कमरे में सामान बिखरा हुआ और बैग नीचे गिरा देखा, तब चोरी की जानकारी हुई.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. फुटेज में संदिग्ध युवक की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. सुबह-सुबह हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. नागरिकों ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet kumar

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >