गर्मी में 300 आबादी पेयजल के लिए प्रभावित

बरैयाचक गांव में चार महीने से खराब है जलमीनार

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तेतरिया माल पंचायत के बरैयाचक गांव में इन दिनों पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है. गांव में लगा सोलर जलमीनार विगत चार माह से खराब पड़ा हुआ है. लोग पीने के पानी को लेकर त्राहिमाम हो रहे हैं. इसके बावजूद भी विभाग सुधि नहीं ले रही है. जानकारी देते हुए गांव के ग्रामीण अरविंद कुमार, राजेश कुमार, छोटू कुमार, सुरेश राय, शंकर यादव, पप्पू कुमार, सिकंदर राय ने बताया कि गांव के पंचायत भवन के सामने उक्त जलमीनार लगाया गया था, जहां निर्माण कार्य के कुछ साल तक लोगों को आसानी से पानी मिल जाता था. आसपास के घर की महिलाएं आसानी से पानी लेकर अपने घर के कामों में इस्तेमाल करने का काम करती थी. यही नहीं, इस मार्ग से गुजरने वाले लोग भी रुककर पानी पीने का काम कर लेते थे. वर्तमान समय में जलमीनार बेकार पड़ा है.

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि जब से यह खराब पड़ा हुआ है. कई बार ग्रामीणों की ओर से ठीक कराने की मांग की गयी. इस भीषण गर्मी में मरम्मत करा दिया जाये तो लोगों को काफी राहत मिलेगी. परंतु मरम्मत के बजाय विभाग हाथ पर हाथ रखकर आराम की नींद सो रही है. दूसरी ओर ग्रामीण पेयजल की समस्या से तड़प रहे हैं. इस जलमीनार पर गांव के वर्तमान समय में 50 घर में तीन सौ की आबादी प्रभावित हो गयी है, जिन्हें अन्यत्र स्थानों से जाकर पीने के साथ-साथ घरेलू उपयोग के लिए पानी का जुगाड करना पड़ता है.

भोजन बनाने में महिलाओं को होती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि घरों में भोजन बनाने के पूर्व अक्सर महिलाएं पानी को लेकर उलझ पड़ती है. पानी का जुगाड़ ही नहीं होने से भोजन आदि बनाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. मामले को लेकर बीडीओ विजय कुमार मंडल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी नहीं थी. जल्द ही खराब पड़े जलमीनार को दुरुस्त करवाने का काम किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को थोड़ी राहत मिल सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >