बीएसएनएल टावर चौक के आगे सड़क किनारे फैली गंदगी का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं. सड़क किनारे कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है, जो दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है. इस मार्ग से दिन-रात पैदल यात्री एवं वाहन चालक आवाजाही करते हैं, बावजूद इसके सड़क किनारे फैली गंदगी को साफ करने की दिशा में किसी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है. गंदगी से उठती दुर्गंध के कारण लोगों का सड़क से गुजरना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर सालभर सड़ा हुआ प्याज, आलू, सब्जी, फल, चूल्हे की राख, फटे-पुराने बोरे, गंदे पॉलीथिन एवं हजामत से संबंधित कचरे का ढेर लगा रहता है. चौक-चौराहों का कचरा प्रतिदिन सड़क किनारे फेंके जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गयी है. इतना ही नहीं, कूड़े के ढेर पर दिन-रात गंदगी फैलने और शौच करने जैसी स्थिति भी बनी रहती है, जिससे क्षेत्र में हमेशा दुर्गंध का माहौल बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है. साफ-सफाई की व्यवस्था न होने से यह स्थिति स्वच्छता अभियान पर भी सवाल खड़े कर रही है. लोगों ने प्रशासन से शीघ्र सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
बीएसएनएल टावर चौक के पास सड़क किनारे गंदगी का अंबार, लोग परेशान
दुर्गंध और गंदगी से राहगीरों व स्थानीय लोगों का जीना हुआ मुश्किल
