पोड़ैयाहाट प्रखंड के देवदांड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर शाम नाबालिग लड़की के साथ उसी गांव के एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया. ग्रामीणों की समय पर तत्परता के कारण पीड़िता सुरक्षित बच गयी, हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पत्नी वर्तमान में गर्भवती है. इसके बावजूद आरोपी ने पीड़िता को फोन कर मिलने के बहाने एक सुनसान जगह पर बुलाया. जैसे ही लड़की वहां पहुंची, आरोपी ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया. ग्रामीणों की आहट सुनते ही पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर अपने घर भाग गयी और परिजनों को पूरी आपबीती बतायी. घटना की जानकारी जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये. उग्र ग्रामीणों ने आरोपी के घर को चारों तरफ से घेर लिया. हालांकि, खुद को घिरता देख आरोपी अंधेरे में फरार होने में सफल रहा. घटना के बाद ग्रामीणों ने लिखित शिकायत देवदांड थाना पुलिस को दी. पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिये हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
नाबालिग से दुष्कर्म का असफल प्रयास, ग्रामीणों की तत्परता से बची पीड़िता
ग्रामीणों के आक्रोश के बाद आरोपी फरार
