गोड्डा जिले के महगामा प्रखंड अंतर्गत भंडारीडीह गांव के समीप एक अनियंत्रित टोटो के पलट जाने से ससुर और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान महगामा थाना क्षेत्र के विशंभरकित्ता गांव निवासी उपेंद्र राय तथा गोड्डा के लीलातरी गांव निवासी उमेश राय के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उपेंद्र राय अपनी बेटी से मिलने लीलातरी गांव गये थे. मुलाकात के बाद वे अपने दामाद उमेश राय के साथ टोटो से वापस अपने गांव विशंभरकित्ता लौट रहे थे. इसी दौरान भंडारीडीह गांव के समीप टोटो अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में टोटो पर सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल महगामा पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
अनियंत्रित टोटो पलटने से ससुर-दामाद गंभीर घायल
महागामा के भंडारीडीह के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर
