हनवारा : महागामा प्रखंड के सितल के पास करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पेयजल योजना अब तक ग्रामीणों के लिए उम्मीद बनी हुई है. योजना के तहत इंटेकवेल का निर्माण हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक ग्रामीणों के घरों तक पानी नहीं पहुंच सका है. भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच हजारों ग्रामीण स्वच्छ पानी का इंतजार कर रहे हैं.
इंटेकवेल बना, पाइपलाइन बिछी, पानी नहीं पहुंचा
ग्रामीणों के अनुसार हर घर तक नल से पानी पहुंचाने के उद्देश्य से योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किये गये. इंटेकवेल तैयार करने के साथ पाइपलाइन भी बिछायी गयी, लेकिन घरों में लगे नल अब भी सूखे पड़े हैं. लंबे समय से आपूर्ति शुरू नहीं होने के कारण कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने लगी है.
बंद पड़ी योजना पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि इंटेकवेल का निर्माण पूरा हुए काफी समय बीत चुका है, फिर भी पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई. उनका कहना है कि समय रहते योजना चालू नहीं की गयी तो उपकरण और पाइपलाइन खराब हो सकते हैं और करोड़ों रुपये खर्च करने का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा.
गर्मी में दूर से पानी लाने की मजबूरी
योजना से लाभान्वित होने वाले ग्रामीण आज भी नलों से पानी आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. गर्मी और पेयजल संकट के बीच लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. योजना शुरू होने से बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिल सकती है.
जांच और जल्द आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से योजना की जांच कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने और जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है. ग्रामीणों का सवाल है कि करोड़ों रुपये की योजना का लाभ उन्हें आखिर कब मिलेगा और सूखे नलों से पानी कब टपकेगा.
