रवि ठाकुर, पोड़ैयाहाट
पोड़ैयाहाट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सह गोदाम प्रबंधक अभय कुमार तिवारी की सीआईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद ठप पड़ी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की आपूर्ति व्यवस्था को जिला प्रशासन ने तत्काल बहाल कर दिया है. उपायुक्त गोड्डा के निर्देश पर शनिवार को मजिस्ट्रेट सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) फुलेश्वर मुर्मू की मौजूदगी में एफसीआई गोदाम का ताला खोलकर खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया शुरू करायी गयी.
बीडीओ की मौजूदगी में खुला एफसीआई गोदाम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू की उपस्थिति में सीलबंद एफसीआई गोदाम का ताला खोला गया. इस दौरान गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की गिनती और भौतिक सत्यापन भी किया गया, ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से शुरू की जा सके.
कुमोद मेहरा को एमओ, गौतम ठाकुर को एजीएम का प्रभार
आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुमोद मेहरा को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं अनुभवी पूर्व एजीएम गौतम ठाकुर को दोबारा गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) का दायित्व दिया गया है.
जल्द शुरू होगा राशन का उठाव
बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर गोदाम खोला गया है. स्टॉक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशन डीलरों को नियमानुसार खाद्यान्न का उठाव कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि किसी भी राशन कार्डधारी को अनाज मिलने में परेशानी नहीं होने दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें: जेपीएससी परीक्षा घोटाला : अभय तिवारी चार महीने पहले साथी की ही किडनैपिंग के मामले में जा चुका है जेल
राशन डीलरों और कार्डधारियों ने ली राहत की सांस
गोदाम खुलने और नए प्रभारियों की तैनाती की खबर से स्थानीय राशन डीलरों और आम कार्डधारियों ने राहत की सांस ली है. कई स्थानीय डीलरों ने बताया कि आपूर्ति पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पिछले 3-4 दिनों से अनाज का उठाव पूरी तरह ठप था, जिससे गांवों में गरीबों के बीच राशन वितरण में भारी समस्याएं आ रही थीं. अब गोदाम की व्यवस्था सामान्य होने से समय पर जन वितरण प्रणाली की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचेगा और जरूरतमंदों को समय पर राशन मिल सकेगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड: उत्पाद सिपाही और एएसआई नियुक्ति प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
