गोड्डा में नीट-यूजी 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न

तीन केंद्रों पर हुई परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, परीक्षार्थियों और अभिभावकों की रही भारी भीड़

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 रविवार को गोड्डा जिले के निर्धारित तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई. मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए आयोजित इस देश की प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए सुबह से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गयी. जिला प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, गोड्डा जिले में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोड्डा, डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गोड्डा और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ललमटिया में परीक्षा आयोजित की गयी. परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चली. केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे और मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ हुई और दोपहर 1:20 बजे तक चली. सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की गयी और एनटीए के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया. छात्रों की डिजिटल हाजिरी ली गयी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए केंद्रों पर जैमर लगाये गये. परीक्षा केंद्रों में पेन, घड़ी और किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर आने पर पूर्ण पाबंदी थी. गर्मियों को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी गयी थी. प्रशासन की ओर से उड़नदस्ता टीम लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करती रही. करीब एक हजार से अधिक छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया, जिनमें स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के परीक्षार्थी शामिल थे,

अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया

परीक्षा देने के बाद छात्रों ने अपनी प्रतिक्रिया दी. अधिकांश छात्रों ने बताया कि जीव विज्ञान का प्रश्न पत्र मुख्य रूप से एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित और सरल था. कार्बनिक रसायन के सवाल थोड़े जटिल थे, जबकि गणना वाले प्रश्न समय लेने वाले रहे. एक परीक्षार्थी साक्षी प्रिया ने कहा कि भौतिकी के सवाल पिछले साल की तुलना में थोड़े कठिन थे, लेकिन अच्छी तैयारी होने पर समय में हल किए जा सकते थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम को शहर की सड़कों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गयी. मुख्य चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद रही ताकि भीड़ के कारण जाम की स्थिति न बने. प्रशासन की व्यवस्था को छात्रों और अभिभावकों ने सराहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >