रविवार की दोपहर गोड्डा-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर सरकंडा जामा मस्जिद के समीप भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को बर्बाद कर दिया. तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के असनबनी (रहमत नगर) निवासी सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है. घायल चालक मिट्ठू यादव, नगर थाना क्षेत्र के सरोतिया गांव के निवासी हैं. जानकारी के अनुसार, सद्दाम बिजली कार्यालय के पास बाइक मरम्मत का काम करता था. रविवार दोपहर वह एक ग्राहक की बाइक टेस्ट ड्राइव के लिए निकाल रहा था, तभी उसकी बाइक अचानक गलत दिशा में चली गयी और सामने से आ रही बाइक से जोरदार टकरा गयी. दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने सद्दाम को मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर, मिट्ठू यादव की स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया.
गोड्डा-पाकुड़ मार्ग पर बाइक हादसा, युवक की मौत, दूसरा घायल
तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर से दो परिवारों में कोहराम
