देवघर मुख्य मार्ग की सड़कों की दुर्दशा से ग्रामीण परेशान

सड़कें बदहाल, वाहन चालक बेहाल

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत कई सड़कें इतनी खस्ता हालत में हैं कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है. खासकर हरिनकोल से कुर्पटी मोड़ यानी देवघर मुख्य मार्ग तक की सड़कें चार किलोमीटर की दूरी में बेहद असुरक्षित हो चुकी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अब चार पहिया वाहन तो दूर की बात, दो पहिया वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है. सड़कें इतनी टूटी हुई हैं कि जगह-जगह गहरी खाइयां और उभरता मेटल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं. प्रतिदिन कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और कुछ वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रहे हैं. स्थानीय ग्रामीण टुनटुन सिंह, निकेश कुमार भगत, विष्णु जयसवाल, उत्तम कुमार भगत, गुड्डू साह और कुंदन कुमार बर्मा ने बताया कि सड़क की यह दुर्दशा आम लोगों के कारोबार पर भी भारी असर डाल रही है. बाराहाट मुख्य बाजार के रूप में इस क्षेत्र के लिए अहम है और लोग इसी मार्ग का उपयोग करके खरीदारी करते हैं. अब सड़कें इतनी खराब हो गयी हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. बारिश में तो आवागमन लगभग बंद हो जाता है.

साप्ताहिक हाट बाजार प्रभावित

ग्रामीणों ने बताया कि मंडरो क्षेत्र में सप्ताह में दो दिन हाट बाजार लगता है. व्यापारी और खरीददार दोनों ही इस मार्ग पर निर्भर हैं. लेकिन अब सड़कें इतनी असुरक्षित हो गयी हैं कि लोग शाम होने के बाद यात्रा करना भी बंद कर देते हैं. लगातार हिचकोले खाने से कमर दर्द जैसी परेशानियां आम हो गयी हैं. इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग दस हजार लोग छोटे वाहनों से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति देख अब लोग भयभीत हो गये हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मरम्मत का दावा किया गया, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है. उन्होंने क्षेत्र की विधायक और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से इस मार्ग की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >