प्रतिनिधि, पोड़ैयाहाट. प्रखंड मुख्यालय पोड़ैयाहाट में आज तक डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं हो पाई है. इसके कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है. स्नातक में नामांकन के लिए विद्यार्थियों को गोड्डा, दुमका और रांची जैसे शहरों में जाना पड़ता है. इससे खासकर गरीब परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है.
बड़ा प्रखंड, लेकिन एक भी डिग्री कॉलेज नहीं
पोड़ैयाहाट प्रखंड जिला मुख्यालय गोड्डा से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और क्षेत्रफल व आबादी के लिहाज से यह एक बड़ा प्रखंड है. यहां दर्जनों उच्च विद्यालय और दो-तीन इंटर कॉलेज हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इंटर की परीक्षा पास करते हैं. इसके बावजूद प्रखंड में एक भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं होने से इंटर के बाद विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई मुश्किल हो जाती है.
रहने-खाने का खर्च गरीब छात्रों पर भारी
स्थानीय छात्रों के अनुसार गोड्डा या दुमका जैसे शहरों में जाकर स्नातक की पढ़ाई करने पर फीस के अलावा रहने और खाने का खर्च भी उठाना पड़ता है. गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च वहन करना आसान नहीं है. नतीजतन कई मेधावी छात्र-छात्राएं आर्थिक मजबूरी के कारण इंटर के बाद अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाते हैं.
दूर भेजने से कतराते हैं अभिभावक, बेटियों की पढ़ाई प्रभावित
डिग्री कॉलेज की कमी का सबसे अधिक असर छात्राओं की उच्च शिक्षा पर पड़ रहा है. अभिभावक अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए दूर शहरों में भेजने से कतराते हैं. सुरक्षा और अतिरिक्त खर्च के कारण कई छात्राओं की स्नातक स्तर की पढ़ाई अधूरी रह जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रखंड मुख्यालय में ही डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध हो, तो बेटियों को भी अपने घर के आसपास रहकर उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा.
वर्षों से हो रही मांग, अब तक नहीं मिला समाधान
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पोड़ैयाहाट में डिग्री कॉलेज की मांग वर्षों पुरानी है. समय-समय पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष यह मांग उठाई जाती रही है, लेकिन अब तक लोगों को आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ. क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए अब इस दिशा में ठोस पहल की जरूरत है.
सरकारी डिग्री कॉलेज की मांग
स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से पोड़ैयाहाट में जल्द से जल्द सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की है. लोगों का कहना है कि प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से गरीब और मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा और आर्थिक मजबूरियों के कारण उनकी शिक्षा बाधित नहीं होगी.
