बसंतराय : बसंतराय थाना क्षेत्र के राहा गांव में शुक्रवार की रात सूचना पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. लाठी-डंडों से हुए हमले में बसंतराय थाना के एएसआई सत्यजीत गंभीर रूप से घायल हो गये. उनके सिर में चोट लगी है. घायल एएसआई को इलाज के लिए पथरगामा अस्पताल में भर्ती कराया गया.
विवादित वीडियो के बाद पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे एएसआई सत्यजीत पुलिस टीम के साथ राहा गांव के हरिजन टोला निवासी प्रमोद दास के घर पहुंचे थे. सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ करने पहुंची थी. पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी और उसके साथियों से बहस शुरू हो गयी. इसी दौरान आसपास के ग्रामीण जुट गये और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
13 नामजद समेत 25 अज्ञात पर केस
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. बसंतराय थाना में 13 लोगों को नामजद अभियुक्त समेत करीब 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
थाना प्रभारी सत्यदीप ने बताया कि मामले में कांड संख्या 68/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
