पोड़ैयाहाट.मुख्य बाजार स्थित राजस्व कचहरी और सब्जी मंडी के समीप बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गयी है. बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और लोगों को कीचड़ व गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब पांच वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है.
सब्जी मंडी से कचहरी तक पानी ही पानी
जलजमाव के कारण बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सब्जी मंडी में आने वाले किसानों और ग्राहकों को गंदे पानी व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है. वहीं, राजस्व कचहरी में विभिन्न कार्यों से पहुंचने वाले लोगों को भी जलजमाव के कारण काफी परेशानी होती है.
स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है. सड़क पर फिसलन के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
नाली जाम, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा होता है. नालियां जाम रहने और पानी निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने से बारिश का पानी निकल नहीं पाता.
कई दिनों तक पानी जमा रहने से दुर्गंध भी फैलती है. इससे आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी के साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है.
एनएच का मामला बताकर पल्ला झाड़ रहे जिम्मेदार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य बाजार एनएच मार्ग पर स्थित होने के कारण पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं. पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क एनएच के अधीन है, जबकि एनएच विभाग की ओर से जल निकासी की समस्या के समाधान पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
इस आपसी खींचतान का खामियाजा आम लोगों और दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है.
जलजमाव से कारोबार भी प्रभावित
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश झा ने कहा कि पोड़ैयाहाट बाजार क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं. जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी होने के साथ बाजार के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है.
दुकानदारों ने बताया कि दुकानों के सामने पानी और कीचड़ जमा रहने से ग्राहक वहां आने से बचते हैं. लंबे समय से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान होना जरूरी है.
नाली निर्माण और जल निकासी की मांग
स्थानीय लोगों ने उपायुक्त लोकेश मिश्रा और बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू से जल्द पहल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में नाली निर्माण के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाये, ताकि बरसात में हर साल उत्पन्न होने वाली इस समस्या से निजात मिल सके.
