सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर रहेगी नजर

गोड्डा में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

आगामी 28 मई को बकरीद के त्योहार को जिले में शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को गोड्डा नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने की. इस अवसर पर सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, गोड्डा बीडीओ दयानंद जायसवाल, सीओ हलधर सेठी, प्रभारी नगर थाना प्रभारी भोला दास सहित शहर के कई प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित थे. बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि गोड्डा हमेशा से आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है. उन्होंने कहा कि अन्य त्योहारों की तरह बकरीद भी शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा. उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. अफवाह फैलाने वाले तत्वों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा.

साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सुझाव लेते हुए कई आवश्यक निर्देश जारी किये. नगर परिषद क्षेत्र के सभी चिन्हित इबादतगाहों, मस्जिदों एवं ईदगाहों के आसपास विशेष साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. त्योहार के दिन प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही पीसीआर वैन एवं बाइक दस्ता लगातार गश्त करेगा. बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी समुदाय के लोग मिलकर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने में पूरा सहयोग करेंगे. इस अवसर पर मो. इदरीश, इफ्तखार रसल, राजेश खान, जियाउद्दीन, मुजीब, नईम, फैसर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >