बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर देवडांड थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने की. बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल हुए. एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद भाईचारे और कुर्बानी का पर्व है, जिसे सभी लोग आपसी प्रेम, शांति और सौहार्द के साथ मनायें. उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने का प्रयास न करे. यदि किसी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ बयान सामने आता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें. प्रशासन ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर थाना क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. सभी संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गयी है तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे थाना से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके. बैठक में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, थाना प्रभारी अमित कुमार के अलावा चमकलाल मंडल, बोलबम मंडल, देवाशीष यादव, फारूक अंसारी, कमालुद्दीन अंसारी सहित दोनों समुदायों के बड़ी संख्या में प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे.
सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने एवं अफवाहों से बचने की अपील
बकरीद को लेकर देवडांड थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
