अनुदानित धान बीज नहीं मिलने से महागामा के किसानों में नाराजगी

पैक्स और कृषि विभाग पर समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराने का आरोप, बाजार से खरीदने की मजबूरी

रोहिणी नक्षत्र शुरू होने के बाद भी प्रखंड क्षेत्र के किसानों को सरकारी अनुदानित दर पर धान बीज उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिससे किसानों में भारी मायूसी और नाराजगी देखी जा रही है. किसानों ने बताया कि उनके पास पिछले वर्ष का भी बुवाई योग्य उत्तम बीज उपलब्ध नहीं है, क्योंकि पिछले वर्ष धान की उपज में दागी एवं काला धान होने के कारण वह बीज के रूप में उपयोग योग्य नहीं रह गया है. ऐसे में इस वर्ष घर का बीज भी बुवाई के लिए अनुपयुक्त हो गया है. किसानों का कहना है कि कृषि विभाग और पैक्स की ओर से अब तक अनुदानित दर पर धान बीज उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि पैक्स के माध्यम से मिलने वाला सस्ता बीज छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए काफी लाभदायक होता है. किसान डोमन दर्वे, कैलाश राय, दिलीप रविदास, देवनारायण तांती, सुरेंद्र साह, पवन सिंह, दिनेश यादव, संजय कुमार दास, मोहम्मद अब्बास अली, आलोक कुमार झा, अंजनी ठाकुर, खुशबू देवी, पप्पू ठाकुर सहित अन्य किसानों ने बताया कि कई बार पैक्स कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराया गया.

बाजार से महंगे दाम पर बीज खरीदने की मजबूरी

किसानों ने बताया कि यदि इस बार पैक्स से अनुदानित बीज नहीं मिलता है तो उन्हें बाजार से ऊंची कीमत पर बीज खरीदना पड़ेगा, जो छोटे किसानों के लिए संभव नहीं है. क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अनुदानित धान बीज उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि समय पर खेती कार्य शुरू किया जा सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >