गोड्डा व महागामा में 53851 मतदाता 64 को केंद्रों पर करेंगे मताधिकार का प्रयोग

नगर निकाय चुनाव आज, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क

गोड्डा एवं महागामा नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. सोमवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर रविवार की दोपहर बाद से ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गयी. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच मतदान कर्मी मतपेटी एवं चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों की ओर रवाना हुए. गोड्डा नगर परिषद तथा महागामा नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा. दोनों पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र निर्धारित किये गये हैं. अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र रहेगा, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग का मतपत्र दिया जाएगा. मतदान के समय मतदाताओं को दोनों मतपत्रों पर अपनी-अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में मुहर लगानी होगी. गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 37 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। यहां 34,196 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 17,260 पुरुष एवं 16,936 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में 27 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं. यहां कुल 19,655 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 10,015 पुरुष तथा 9,640 महिला मतदाता हैं. गोड्डा व महागामा में कुल 53851 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

इन दस्तावेजों से कर सकेंगे पहचान

मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 12 वैकल्पिक दस्तावेज निर्धारित किये गये हैं. इनमें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र, निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणिक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) से संबंधित दस्तावेज, फोटोयुक्त जॉब कार्ड, फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना (स्मार्ट कार्ड) तथा फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज शामिल हैं. मतदान सुबह 7:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा. निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील किया है कि वे बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें. सभी मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. डीसी अंजलि यादव ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है. सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक ब्रीफिंग दी गयी है तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >