मेहरमा थाना क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय से मंगलवार को एमओ दीपक कुमार साह की मोटरसाइकिल चोरी हो गयी. इस मामले में एमओ ने मेहरमा थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. एमओ ने बताया कि मंगलवार को वे अपनी अपाची मोटरसाइकिल संख्या बीआर 51 एच 0889 लेकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और इसे मुख्यालय के समीप खड़ा करके कार्य में लग गये. दोपहर के समय जब वे बाहर निकले तो मोटरसाइकिल गायब थी. काफी खोजबीन के बावजूद मोटरसाइकिल नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने थाना पहुंचकर आवेदन दिया. बताया गया है कि मेहरमा और बलबड्डा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. चोरी की घटनाएं घरों, हाट बाजार और दुकान के सामने तक घटित हो रही हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि चोरी की घटनाओं के बावजूद थाने में आवेदन देने के बाद भी अधिकांश मामलों का उद्भेदन नहीं हो पाने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. इससे क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है.
प्रखंड मुख्यालय से एमओ की मोटरसाइकिल चोरी
एमओ की मोटरसाइकिल गुम, थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
