पीएम शहरी आवास योजना से कई जरूरतमंद परिवार वंचित

-बारिश में पुराने मकानों में रहना बना मुश्किल, लोगों ने प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग

महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ कई जरूरतमंद परिवारों तक नहीं पहुंच पाया है. लाभुकों का आरोप है कि कई बार आवेदन देने और प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला है, जिससे खासकर बरसात के दिनों में उन्हें गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है. नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 के निवासी अरगासन राय और नोमी देवी ने बताया कि वे लंबे समय से जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं. बारिश के मौसम में घर में पानी टपकने लगता है, जिससे परिवार के लिए घर में रहना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लिए कई बार आवेदन किया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि योजना में बिचौलियों का दबदबा बढ़ गया है. उनका कहना है कि बिना पैसे या सिफारिश के असल जरूरतमंदों का नाम सूची में शामिल नहीं किया जाता है. लोगों का यह भी कहना है कि अगर योजना की निष्पक्ष जांच की जाये, तो कई असली लाभुकों को पुनः लाभ दिलाया जा सकता है. स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर योग्य लोगों को जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का असली उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचें. मालूम हो कि बीते 16 मई को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में 325 लाभुकों को नये आवास योजना प्रदान करने के लिए नया डीपीआर स्वीकृत किया गया है. ग्रामीण अब प्रशासन से अपेक्षा रखते हैं कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >