मेहरमा : योगिवीर हनुमतपुरी पहाड़ से सैकड़ों श्रद्धालु 54 फीट का कांवर लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हुए. सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने-अपने कांवर के साथ उत्तर वाहिनी गंगा कहलगांव के लिए निकले.
गंगा से जल भरकर शुरू हुई यात्रा
मंगलवार अहले सुबह कांवरियों ने गंगा घाट से जल भरा. इसके बाद पूजा-अर्चना कर कांवरियों का जत्था बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ.
जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविर
कांवर यात्रा के दौरान जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे. मेहरमा सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी. घोरिचक में बाबा बासुकीनाथ फ्यूल के समीप टंकी मालिक मयंक कुमार और समाजसेवी सह जिला परिषद सदस्य अरुण कुमार राम की ओर से शिविर लगाकर कांवरियों के लिए पानी, शरबत, फल और चाय की व्यवस्था की गई थी.
जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
कांवर यात्रा जिस रास्ते से गुजर रही थी, वह बोल बम के जयकारों और भोलेनाथ के भजनों से भक्तिमय हो उठा. कड़ी धूप को देखते हुए स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह कांवरियों को जल से नहलाया जा रहा था, जिससे उन्हें काफी राहत मिल रही थी.
कई लोग रहे मौजूद
मौके पर डब्बू राम, डिंपल कुमार, पवन मिश्रा, प्रभाष कुमार सिन्हा, उपेंद्र कुमार, विश्वास कुमार, रजनीश कुमार, रमेश कुमार सिंह, निरंजन कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.
