मेहरमा (गोड्डा ) : गोड्डा पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेहरमा थाना क्षेत्र से दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, घटना में इस्तेमाल बाइक, मास्टर चाबियां और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं.
चोरी की नीयत से भगैया में घूम रहे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिबगंज के पुरानी साहिबगंज कुम्हार टोला निवासी भोला पंडित (30) और भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र के रामराय बाग निवासी अभिषेक कुमार (19) के रूप में हुई है. महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक चोरी के मामलों में शामिल भोला पंडित अपने साथी अभिषेक के साथ भगैया क्षेत्र में चोरी की नीयत से घूम रहा है. पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने गोड्डा, साहिबगंज और भागलपुर से बाइक चोरी कर उन्हें भागलपुर क्षेत्र में औने-पौने दाम में बेचने की बात स्वीकार की.
निशानदेही पर 13 बाइक बरामद, भोला पर 14 और अभिषेक पर छह चोरी के मामले दर्ज
आरोपियों की निशानदेही पर कुल 13 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं. पुलिस के अनुसार भोला पंडित पर आर्म्स एक्ट, डकैती, हत्या और चोरी समेत 14 मामले दर्ज हैं. वहीं अभिषेक कुमार गोड्डा के विभिन्न थानों में दर्ज छह चोरी के मामलों में नामजद है. छापेमारी टीम में विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल थे.
