शोभापुर सुखाड़ी विद्यालय में छात्रों को विषैले कीड़े ने काटा, अफरा-तफरी का माहौल

मासूम बच्चों के शरीर पर फूला और लाल हुआ स्थान, स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल की कार्रवाई

मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय शोभापुर सुखाड़ी में शुक्रवार की सुबह एक अजीब घटना घटित हुई, जब विषैले कीड़े के काटने से कई छात्र-छात्राएं दहशत में आ गये. जानकारी के अनुसार, जैसे ही बच्चे विद्यालय में पहुंचे और पढ़ाई शुरू की, एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को विषैले कीड़े ने काट लिया. कीड़े के काटने पर छात्र जब उस स्थान को खुजलाते थे, तो वह स्थान फूलकर लाल हो जाता था. इस घटना के बारे में जब छात्रों ने अपने शिक्षक को जानकारी दी, तो शिक्षक ने तुरंत देखा कि कई छात्रों के शरीर पर लाल और फूल चुका स्थान था. इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी और शोर-शराबा होने लगा. आसपास के ग्रामीणों ने शोर सुना और स्कूल के भीतर क्या हो रहा है, इसकी जानकारी ली. स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने अपनी आपबीती बतायी. सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने मुखिया प्रतिनिधि मो. परवेज को घटना की जानकारी दी. मुखिया प्रतिनिधि ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल पहुंचकर सभी बच्चों का निरीक्षण किया और इसके बाद मुखिया पति ने शिक्षा विभाग को इसकी जानकारी दी. शिक्षा विभाग ने तत्परता से मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा को सूचित किया. मामले की गंभीरता को समझते हुए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम तुरंत स्कूल पहुंची और कीड़ों की मौजूदगी की जांच शुरू की. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने साइफन मैथरीन कीटनाशक दवाई का छिड़काव कराया. छिड़काव के कुछ ही समय बाद कीड़े मर गये. डॉ. विवेक सिन्हा ने बताया कि गंदगी के कारण कीड़े उत्पन्न हुए होंगे और उनके काटने के कारण शरीर में सूजन और लालिमा आयी. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि स्वास्थ्य पर कोई गंभीर असर नहीं होगा. स्वास्थ्य विभाग की तत्परता और शिक्षा विभाग की सक्रियता से घटना पर काबू पाया गया और बच्चों में भय की स्थिति को समाप्त किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >