SP आवास के पीछे दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार बदमाश फरार

गोड्डा में एसपी आवास के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गोड्डा शहर में बाइक सवार अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. आठ जुलाई को कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना के बाद एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दिया. इस बार घटना एसपी आवास के पीछे स्थित गंगटा मोहल्ला की वीआइपी कॉलोनी में हुई, जहां बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गये. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृता राज, जो शिक्षक राजीव रंजन राज की पत्नी हैं, अपने दो छोटे बच्चों को स्कूल से लेकर पैदल घर लौट रही थीं. जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया. पीड़िता ने बताया कि दोनों युवक पहले बाइक से उनके पास से आगे निकल गये. कुछ दूरी पर जाकर वे वापस लौटे और उनके बिल्कुल करीब पहुंच गये. इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गये. घटना के तुरंत बाद पीड़िता एवं उनके परिजनों ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज और नगर थाना प्रभारी दिनेश मोहली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं, ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

वीआइपी क्षेत्र में वारदात से लोगों में दहशत

एसपी आवास के समीप स्थित वीआईपी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि जब शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने तथा चेन छिनतई और लूट की घटनाओं में शामिल अपराधियों के गिरोह के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और बाइक के नंबर की पहचान की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. -दिनेश कुमार महली, गोड्डा नगर थाना


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet kumar

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >