40 किलो गांजा, हजारों बोतल नकली शराब, कार-बाइक समेत सात गिरफ्तार

गोड्डा पुलिस का बड़ा एक्शन, नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

गोड्डा पुलिस ने मादक द्रव्यों और चोरी-छिपे नकली शराब के कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. एसपी मुकेश कुमार को बीते कुछ दिनों से इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस की विशेष टीम को सक्रिय किया गया था. इसी क्रम में पुलिस ने पोड़ैयाहाट प्रखंड के पूर्वी सुदूर क्षेत्र स्थित सियरकटिया गांव (देवदांड़ थाना क्षेत्र) में छापेमारी कर नकली शराब निर्माण की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा, भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, एक कार, एक बाइक तथा उत्तर प्रदेश उत्पाद विभाग का नकली होलोग्राम भी बरामद किया है.

पांच थानों की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ अशोक कुमार प्रियदर्शी ने देवदांड़ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि एसपी के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर गोड्डा नगर, मुफस्सिल, पोड़ैयाहाट, सुंदरपहाड़ी और देवदांड़ थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया. उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनाव को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी.

पुराने खदान के पास चल रही थी नकली शराब फैक्ट्री

पुलिस को चार फरवरी की शाम सूचना मिली कि सियरकटिया गांव के पास स्थित एक पुराने पत्थर खदान के समीप एस्बेस्टस से बने मकान में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर नकली शराब और गांजा की बड़ी खेप बरामद की. इस दौरान फैक्ट्री के मुख्य संचालक सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. सभी के विरुद्ध देवदांड़ थाना कांड संख्या 04/26 के तहत विभिन्न सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

विजय भगत (35 वर्ष), पिता : रामदुलार भगत, थाना : पोड़ैयाहाट

प्रीतम कुमार यादव (25 वर्ष), पिता : विज्ञान यादव, ग्राम : द्रोपद, थाना : पोड़ैयाहाट

मुन्ना यादव (26 वर्ष), पिता : भोला यादव, ग्राम : डमरुहाट, थाना : सुंदरपहाड़ी

रविंद्र कुमार (24 वर्ष), पिता : कटकी सिंह, ग्राम : डमरुहाट, थाना : सुंदरपहाड़ी

फुलसर कुमार (20 वर्ष), पिता : स्व. बुधन राय, ग्राम : डमरुहाट, थाना : सुंदरपहाड़ी

जोगेंद्र कुमार, पिता : लक्ष्मण राय, ग्राम : बाघमुंडा, थाना : पोड़ैयाहाट

शहबाज अंसारी (23 वर्ष), पिता : सिकंदर अंसारी, ग्राम : जामकुंदर, थाना : देवदांड़

बरामद सामग्री का विवरण

गांजा : लगभग 40 किलोग्राम

90 बोरी (एक बोरी में 2 कार्टन) : कुल 8640 बोतल (180 एमएल)

नकली विदेशी शराब : 2 जार (लगभग 40 लीटर)

सीलर मिक्सर : 2 पीस

मिक्सर मोटर : 1 पीस

स्टील मिक्सर फैन : 1 पीस

गांजा तौलने की मशीन : 1

एल्कोहल मीटर (टूटा हुआ) : 1

उत्तर प्रदेश सरकार का नकली होलोग्राम : 1 बंडल

रॉयल चैलेंज कंपनी का लेबल : 1 बंडल

रंग (शराब निर्माण हेतु) : 1 डिब्बा

1000 लीटर का खाली सिनटेक्स टैंक : 1

180 एमएल की खाली प्लास्टिक बोतल : 5 कार्टन (लगभग 5000 बोतल)

बोतल ढक्कन : 1 कार्टन

नीले रंग का ड्रम : 4

कार (निबंधन संख्या जेएच17यू-2308)

मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या जेएच04जे-2661)

वीवो कंपनी का मोबाइल फोन : 1

छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी :

एसडीपीओ अशोक कुमार प्रियदर्शी, नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी बीसी पटेल, देवदांड़ थाना प्रभारी अमित मार्की, पोड़ैयाहाट थाना के महावीर पंडित, पुलिसकर्मी रजनीश कुमार, मुकेश कुमार, सदानंद सरस, उमेश प्रजापति सहित अन्य शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >