गोड्डा में पुलिस की सघन मॉक ड्रिल, प्रधान डाक घर समेत संवेदनशील संस्थानों की जांच

गोड्डा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रधान डाकघर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन मॉक ड्रिल की। संदिग्ध वस्तुओं और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

शहरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस ने शुक्रवार को शहर के भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन मॉक ड्रिल अभियान चलाया. अभियान के तहत पुलिस बल ने प्रधान डाकघर परिसर में अचानक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा परिसर के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की. इस दौरान पुलिस टीम ने प्रधान डाकघर, पासपोर्ट सेवा केंद्र और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया. साथ ही परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं की भी सघन जांच की गयी. वित्तीय संस्थान होने के कारण इन परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया गया. पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन अलार्म प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया. एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने कहा कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में थोड़ी-सी भी लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है. गोड्डा पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे मुस्तैद है. मॉक ड्रिल अभियान में सार्जेंट मेजर धर्मेंद्र राम, सर्किल इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक, नगर थाना प्रभारी दिनेश महली सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं आईआरबी के जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet kumar

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >