गोड्डा में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस सख्त

गोड्डा पुलिस ने सड़क सुरक्षा पर कड़ा रुख अपनाया, जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान

गोड्डा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए गोड्डा पुलिस अब एक्शन मोड में आ गयी है. यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने के उद्देश्य से पुलिस पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चला रही है. सोमवार को दोपहर नगर थाना गेट पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग सहित कई उल्लंघनों में एक लाख रुपये से अधिक का चालान काटा गया. वहीं देर शाम रामनगर चौराहा पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ड्रंकन ड्राइविंग, ट्रिपल लोडिंग और कान में हेडफोन लगाकर बाइक चलाने वाले कई बाइक चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया. इसके अलावा कई चालकों का ऑनलाइन चालान भी किया गया.

ट्रैफिक सेंस की कमी और रॉन्ग साइड ड्राइविंग मुख्य वजह

एसडीपीओ गोड्डा अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि हाल के दिनों में जिले में 20 से अधिक बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें अधिकांश में लोगों की जान चली गयी. उन्होंने कहा कि इन हादसों का मुख्य कारण लोगों में ट्रैफिक सेंस की कमी है. विशेष रूप से नए बने रोड और हाइवे पर लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. समय बचाने के चक्कर में कई लोग रॉन्ग साइड से वाहन चलाते हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है.

पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान

एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल गोड्डा शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले के हर थाना क्षेत्र में चलाया जा रहा है. समाहरणालय गेट, रामनगर, पथरगामा और एनएच पर चढ़ने-उतरने वाले पॉइंट और अंडरपास के पास विशेष नजर रखी जा रही है. पेट्रोलिंग पार्टियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे रैंडमली किसी भी समय, विशेषकर व्यस्त घंटों में एक-एक घंटे की सघन चेकिंग करें.

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं

एसडीपीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस अब ब्रेथ एनालाइजर का व्यापक उपयोग कर रही है. ड्रंकन ड्राइविंग के मामलों में पकड़े जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सभी थानों को ब्रेथ एनालाइजर प्रदान कर दिये गये हैं.

जागरूकता के साथ चालान की प्रक्रिया

पुलिस का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं बल्कि लोगों को शिक्षित करना भी है. पहले चरण में लोगों को सड़क पर हमेशा बायीं ओर चलने और रोड क्रॉस करते समय सावधानी बरतने के लिए समझाया जा रहा है. जो लोग बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, उनके खिलाफ ऑन-द-स्पॉट चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. एसडीपीओ ने जनता से अपील किया है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को कम किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >