सघन वाहन जांच से हड़कंप, बिना हेलमेट व ट्रिपल लोड चालकों को फटकार

सड़क दुर्घटनाओं और चोरी के वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए की गयी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को हनवारा थाना चेक पोस्ट के समीप सघन वाहन जांच अभियान आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और चोरी के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना था. जांच के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहनों को रोककर कागजात की गहन जांच की. इस दौरान आठ बाइक चालकों को कड़ी फटकार लगायी गयी और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गयी. साथ ही ई-चालान की कार्यवाही के लिए परिवहन विभाग को पत्राचार किया गया. हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी प्रकार के अवैध सामान की आवाजाही रोकना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए सघन जांच अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा. प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक कागजात साथ रखें और जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के इस अभियान से जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >