निरभ किशोर, गोड्डा : छात्रों की मांगों और आंदोलन को सकारात्मक दिशा देने में महागामा विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की सक्रिय पहल महत्वपूर्ण रही है. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी बातों को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने और सरकार तथा छात्रों के बीच संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभायी. उनके प्रयासों से छात्र पक्ष की बात सरकार तक पहुंची और पूरे मामले के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल का मार्ग प्रशस्त हुआ. सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह शुरू से ही छात्रों के प्रति संवेदनशील रही है. छात्रों की ओर से सरकार के समक्ष रखी गई सभी प्रमुख बातों को गंभीरता से सुना गया और तत्कालीन परिस्थितियों के अनुरूप कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. सरकार ने कहा कि वह अपने पूर्व निर्णयों पर कायम है और छात्र हित में आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.
छात्रों के साक्ष्यों से जांच में आए नए तथ्य
सरकार के अनुसार, मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ रहे हैं. छात्रों के साथ हुई दूसरी दौर की वार्ता में उनके द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों तथा एसआइटी की जांच से कई नयी जानकारियां सामने आयी हैं. हालांकि जांच के इस चरण में इन तथ्यों को सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा. सरकार ने कहा कि पूरे प्रकरण के समाधान के लिए छात्र हित में ठोस कदम उठाना आवश्यक है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा मामले में लिये गये निर्णय की भी सरकार ने सराहना की है. सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री ने छात्रों के आंदोलन को सकारात्मक पहल के रूप में समझते हुए छात्र हित में समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली हो, होगी कड़ी कार्रवाई
प्रभावशाली लोगों पर भी होगी कार्रवाईसरकार ने दोहराया कि मामले में जो भी दोषी पाये जाएंगे, उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. दोषी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, जांच एजेंसियां उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करेंगी. सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच का भरोसा दिलाया है. अधिकारियों के अनुसार, मामला केवल झारखंड तक सीमित नहीं है. परीक्षा और प्रश्नपत्र लीक से जुड़े जिस व्यापक नेटवर्क के संकेत मिल रहे हैं, उसकी जड़ें देश के विभिन्न हिस्सों तक फैली हो सकती हैं. ऐसे में पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है.
प्रश्नपत्र लीक पर बनेगा कड़ा कानून, परीक्षा व्यवस्था में होगा बड़ा सुधार
प्रश्नपत्र लीक पर बनेगा कड़ा कानूनसरकार ने कहा कि झारखंड ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करेगा, जहां प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में हेराफेरी करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान करने वाला मजबूत कानून बनाया जाएगा. छात्रों के साथ संवाद और उनके सुझावों के आधार पर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किये जाएंगे. सरकार का लक्ष्य ऐसी पारदर्शी और सुरक्षित व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें प्रश्नपत्र लीक अथवा किसी अन्य प्रकार की हेराफेरी की गुंजाइश न हो. सरकार ने कहा कि प्रस्तावित परीक्षा सुधार केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि देश के अन्य राज्यों के लिए भी आदर्श बन सकते हैं. व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को निष्पक्ष अवसर देना और मेहनत तथा योग्यता के आधार पर मेधावी छात्रों को सफलता सुनिश्चित करना है.
2014 से अब तक की परीक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा, खामियां मिलने पर होगी कार्रवाई
2014 से अब तक की परीक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षासरकार ने बताया कि छात्र आंदोलन शुरू होने से पहले ही मामले में कार्रवाई प्रारंभ कर दी गयी थी. अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच का दायरा बढ़ाते हुए वर्ष 2014 से वर्तमान समय तक की परीक्षा व्यवस्था में हुई संभावित अनियमितताओं की भी समीक्षा की जाएगी. जांच के दौरान जहां भी खामियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सरकार ने कहा कि छात्रों के आंदोलन ने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े एक बड़े मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है. छात्रों के सुझावों के आधार पर व्यवस्था की कमियों को दूर किया जाएगा.
परीक्षा रद्द करने से बड़े सुधार तक, सरकार ने सभी विकल्प खुले रखे
परीक्षा रद्द करने से लेकर व्यापक सुधार तक सभी विकल्प खुलेसरकार ने स्पष्ट किया कि छात्र हित में आवश्यक सभी कदम उठाये जाएंगे. इसमें परीक्षा रद्द करने से लेकर परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तक के विकल्प शामिल हैं. सरकार का मानना है कि छात्रों के आंदोलन से झारखंड में परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की शुरुआत हो सकती है. सरकार ने छात्रों से अपील किया है कि वे इसी तरह रचनात्मक सुझाव देते रहें, ताकि परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और निष्पक्ष बनाया जा सके.
