अगले 48 घंटे तक तेज बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटा की हवाओं के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना

मोंथा चक्रवाती तूफान का असर. गोड्डा में भारी वर्षा का अलर्ट, तापमान में भी आयी गिरावट

संताल परगना के गोड्डा जिले में मोंथा चक्रवाती तूफान के कारण भारी वर्षा की संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार की शाम मौसम में बदलाव के साथ 32 मिमी वर्षा दर्ज की गयी. लगातार दर्ज तापमान में गिरावट के चलते गुरुवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो दिनों की तुलना में लगभग पांच डिग्री कम है. मौसम विभाग के वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद ने बताया कि अगले एक नवंबर तक मौसम खराब रहेगा. इसके दौरान तेज बारिश या सामान्य वर्षा के साथ हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है. इसके साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी गयी है. धान की फसल पर वर्तमान में नुकसान कम है, लेकिन कटाई के बाद खेतों में बिछी धान की फसल को अधिक खतरा है. खासकर सुंदरपहाड़ी, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, पथरगामा और बोआरीजोर क्षेत्रों में अधिक बारिश की संभावना के कारण फसल गिरने या खराब होने का डर है. खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसल की कटाई में देर होगी और बीच सूखा हुआ धान झड़ने की आशंका बनी है. पोड़ैयाहाट के सीमावर्ती गांव पेरघोडीह के किसान चमकलाल मंडल ने बताया कि इस बार धान की फसल अच्छी है, लेकिन बारिश से फसल की कटाई और संरक्षण में समस्या आ रही है. गोड्डा सदर प्रखंड के किसान मुनेश्वर प्रसाद मंडल, पंकज यादव, फोटोलाल यादव, लक्ष्मण मंडल और अन्य ने बताया कि खेतों में अभी दूध की अवस्था में पौधों को बारिश से नुकसान हुआ है. मौसम विभाग ने किसानों से सावधानी बरतने और फसल की कटाई व संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है.

मेहरमा में धान की फसल प्रभावित

मोंथा तूफान का असर मेहरमा प्रखंड में भी दिखाई दे रहा है. बुधवार की सुबह से प्रखंड क्षेत्र में लगातार रिमझिम बारिश हो रही है. मौसम की इस अप्रत्याशित स्थिति ने किसानों के चेहरे पर मिश्रित भाव जगाये हैं. कुछ किसानों को बारिश से राहत मिली है, तो कई किसान अपनी फसल को नुकसान होते देखकर चिंतित हैं. बारिश के कारण प्रखंड के लगभग दो सौ बीघा में लगी धान की खड़ी फसल गिर गयी है, जिससे इस बार की धान की उपज पर नकारात्मक असर पड़ने की संभावना बनी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >