महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को पोड़ैयाहाट प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह होते ही भक्त माता दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों की ओर पहुंचने लगे, जो दोपहर तक जारी रहा. मुख्य बाजार स्थित बांझी रोड दुर्गा मंदिर, पुराना बाजार, बंगाली टोला, देवड़ांड दुर्गा मंदिर, बकसरा, रघुनाथपुर और द्रुपद में सर्वाधिक श्रद्धालु देखे गए। यहां दूर-दराज से आये भक्तों का तांता लगा रहा. कई श्रद्धालुओं ने चीर नदी में स्नान कर दंडवत प्रणाम करते हुए मां दुर्गा से मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की, वहीं कुछ भक्त मन्नत पूरी होने पर दंडवत करते दिखाई दिये. सुबह की महाआरती के दौरान मंदिर परिसरों और पंडालों में भीड़ बेकाबू हो गयी थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पूजा समिति के सदस्य और पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे. पूरे क्षेत्र का वातावरण जय मां दुर्गे, जय माता दी जैसे गगनभेदी जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय हो गया. भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में शीश झुकाकर सुख-समृद्धि की कामना की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
