मेहरमा : महागामा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है. पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और सिंचाई के बाद अब गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पुल-पुलिया निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में सुड़नी पंचायत के आदिवासी गांव तेलियाडीह में पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है. ग्रामीणों ने इसे ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया है.
सड़क के बाद पुल की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद से ही तेलियाडीह गांव पक्की सड़क की सुविधा से वंचित था. करीब दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात की थी. मंत्री ने स्वयं गांव पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था. सड़क की खराब स्थिति के बावजूद मंत्री मोटरसाइकिल से गांव पहुंचीं और ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए तत्काल सड़क निर्माण का आश्वासन दिया. इसके कुछ ही महीनों बाद गांव में पक्की सड़क का निर्माण हो गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिली.
ग्रामीणों की दूसरी मांग भी पूरी
सड़क निर्माण के बाद ग्रामीणों ने तेलियाडीह से सुड़नी जाने के मार्ग में बांध पर पुल नहीं होने की समस्या मंत्री के समक्ष रखी. ग्रामीणों ने बताया कि बांध पर पुल नहीं होने के कारण उन्हें करीब दो से तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. यदि बांध पर पुल का निर्माण हो जाये तो यह दूरी काफी कम हो जाएगी.
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने पुल निर्माण का आश्वासन दिया था. अब यह आश्वासन धरातल पर उतरने जा रहा है. ग्रामीण विकास मंत्री के प्रयास से तेलियाडीह डांड़ पर 3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण की स्वीकृति मिल गयी है. निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गयी हैं और जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
20 गांवों के लोगों को लाभ
पुल का निर्माण होने के बाद तेलियाडीह समेत आसपास के करीब पांच पंचायतों के 20 गांवों के 40 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. सबसे अधिक सुविधा किसानों को होगी. आवागमन सुगम होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी. वहीं, विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य ग्रामीणों को भी आने-जाने में कम समय लगेगा.
पुल निर्माण की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही तेलियाडीह समेत आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के विकास को नयी गति मिलेगी और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.
