गोड्डा : गोड्डा शहर के मुख्य बाजार स्थित बंगाल ज्वेलरी में 8 जुलाई को हुई करोड़ों रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एसपी के निर्देश पर गठित एसआइटी ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास और उनके द्वारा बेचे गये जेवर से 4.5 किलो से अधिक चांदी और 38 ग्राम सोना बरामद किया है.
बासुकीनाथ से पकड़ा गया गिरोह का सदस्य, पूछताछ में खुला राज
एसपी गोड्डा के निर्देश पर गठित एसआइटी ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की थी. अनुसंधान के दौरान पहले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था. आगे की जांच में पुलिस को पता चला कि गिरोह के अन्य सदस्य दुमका जिले के बासुकीनाथ में छिपे हुए हैं.
एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एसआइटी ने 13 अगस्त 2026 को बासुकीनाथ में छापेमारी कर चंदेश्वर कुमार साह उर्फ पूरन साह को गिरफ्तार किया. वह जरमुंडी थाना क्षेत्र के ककनी नावाडीह बगान टोला का रहने वाला है. पूछताछ में पूरन साह ने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
जामताड़ा से बौसी तक कई ज्वेलरी दुकानों को बनाया निशाना
पूछताछ में पूरन साह ने पुलिस को बताया कि उसने जामताड़ा, बिहार के बौसी, नोनिहाट और तालझारी में भी ज्वेलरी दुकानों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था. लूटे गये जेवर को वह गोड्डा के विभिन्न ज्वेलरों को औने-पौने दाम में बेच देता था.
पुलिस के अनुसार, बंगाल ज्वेलरी से लूटे गये जेवर को कारू साह, निवासी बौसी के माध्यम से बौसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स को बेचा गया था. पूरन साह की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया.
सात आरोपियों की गिरफ्तारी, अलग-अलग जगहों से जुड़े तार
गिरफ्तार आरोपियों में कारू साह और शिवशंकर कुमार दोनों बौसी, बांका के रहने वाले हैं. इसके अलावा धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू निवासी सोलापुर, महाराष्ट्र और वर्तमान में गोड्डा के सिद्धि विनायक ज्वेलर्स से जुड़ा बताया गया है. पुलिस ने गोड्डा निवासी पवन कुमार, देवडांड़ निवासी उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सराफ को भी गिरफ्तार किया है.
छापेमारी अभियान में दिनेश कुमार महली, मधुसूदन मोदक, मनोहर कुमार, शिवलाल सिंह, महावीर पंडित, आनंद साहा और मुकेश राउत समेत तकनीकी शाखा और नगर थाना के पुलिस बल शामिल रहे.
4.5 किलो से अधिक चांदी और 38 ग्राम सोना बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास और उनके द्वारा बेचे गये जेवर से कुल 4.5 किलो से अधिक चांदी और 38 ग्राम सोना बरामद किया है. बौसी के श्रवण ज्वेलर्स से 28 ग्राम गला हुआ सोना और 3.05 किलो गली हुई चांदी बरामद हुई. अमन सराफ के पास से 114 ग्राम चांदी, उत्तम कुमार के पास से 10 ग्राम कटा-छंटा सोना, धनंजय गायकवाड़ के पास से 1.5 किलो चांदी और पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी बरामद की गयी.
सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
इस मामले में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 148/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
गोड्डा पुलिस ने आम लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है. एसपी ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिले में अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है.
ज्वेलरी कारोबारियों को सख्त चेतावनी
पुलिस ने जिले के सभी ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी दी है कि लूट, डकैती या चोरी के जेवर किसी भी स्थिति में न खरीदें, न बेचें और न ही छिपाएं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संलिप्त कारोबारियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
एक माह पहले भी दो अपराधी हुए थे गिरफ्तार
इससे करीब एक माह पहले एसपी के निर्देश पर देवघर के रिखिया और मोहनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय यादव एवं राकेश यादव को गिरफ्तार किया गया था. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने 38 ग्राम सोना और 45 हजार रुपये नकद बरामद किये थे. पुलिस की मौजूदा कार्रवाई को बंगाल ज्वेलरी लूटकांड के नेटवर्क तक पहुंचने में अहम कड़ी माना जा रहा है.
