प्रतिनिधि, हनवारा: महागमा अनुमंडल के हनवारा क्षेत्र की सरोतिया पंचायत के बसवारा गांव में जर्जर सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. इस सड़क से आसपास के 5-6 गांवों के लोग मुख्य मार्ग से जुड़ते हैं, लेकिन सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है.
बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी होती है.
गड्ढों में हिचकोले खाते गुजरते हैं वाहन
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क से प्रतिदिन बाइक, टेंपो और ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों का आवागमन होता है. सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं.
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है. बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी जमा हो जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.
दो साल पहले मिली मंजूरी, टेंडर भी हुआ; काम अब तक शुरू नहीं
ग्रामीणों की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि सड़क निर्माण योजना को करीब दो साल पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है. बताया गया कि सड़क निर्माण का टेंडर भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है.
काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि योजना स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है, तो फिर निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है.
मुखिया बोले- विभाग से लगातार कर रहे संपर्क
सरोतिया पंचायत के मुखिया हबीब आलम ने बताया कि सड़क निर्माण योजना को स्वीकृति मिले करीब दो साल हो चुके हैं और टेंडर भी हो चुका है. इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है.
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण शुरू कराने को लेकर विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. साथ ही संबंधित स्तर पर भी मामले को उठाया जा रहा है. मुखिया ने जल्द सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद जताई.
सड़क बनी तो कई गांवों को मिलेगी राहत
बसवारा की इस सड़क का निर्माण होने से आसपास के 5-6 गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा. बेहतर सड़क होने से मुख्य मार्ग तक पहुंच आसान होगी और मरीजों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों समेत रोजाना आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से स्थल निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बरसात में समस्या और गंभीर हो जाती है, इसलिए सड़क निर्माण में अब और देरी नहीं होनी चाहिए.
