प्राचीन शिव मंदिर, धमसांय परिसर में सोमवार को आयुष सामुदायिक पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार की अगुवाई में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच के बाद नि:शुल्क होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गयीं. शिविर में गठिया, रक्तचाप एवं मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या अधिक पायी गयी. डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 44 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गयी. शिविर के दौरान चिकित्सक ने भीषण गर्मी एवं तेज धूप में हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय बताये. उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए तथा नियमित रूप से पानी का सेवन करते रहना आवश्यक है, भले ही प्यास न लगे. उन्होंने डाभ, गन्ने का रस, नींबू पानी, ग्लूकोज एवं ओआरएस के सेवन को इस मौसम में लाभकारी बताया. साथ ही उन्होंने लोगों को उचित खान-पान के प्रति जागरूक किया. शिविर में योग प्रशिक्षक चन्द्रगुप्त कुमार, एएनएम सरस्वती देवी, सहिया इंदु देवी, उत्तम कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
44 मरीजों की जांच के बाद दी गयी नि:शुल्क होम्योपैथिक दवा
धमसांय शिव मंदिर परिसर में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
