पोड़ैयाहाट से रवि ठाकुर की रिपोर्ट
Godda (पोड़ैयाहाट): पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार भगत उर्फ लड्डू पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 18 जून को मुख्य बाजार पंडित टोला कांबली बगीचा के पास मुखिया पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद गठित एसआईटी ने 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी ने मुफ्सिल थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, गोली, देशी कट्टा, बोलेरो और 2 मोबाइल भी बरामद किए हैं.
छापेमारी में दबोचे गए अपराधी
पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जे.पी.एन. चौधरी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी. टीम में पोड़ैयाहाट प्रभाग के पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी महावीर पंडित, गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, मुकेश कुमार, पप्पू कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे. त्वरित छापेमारी कर टीम ने द्रोपद राजापुर निवासी अंकित यादव, नयन कुमार यादव और तेतरिया टिकर निवासी अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार किया.
अपराधियों का मोबाइल और बोलेरो भी जब्त
पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया. उन्होंने बताया कि मुखिया अनुपम कुमार साल 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं. गवाही से नाराज होकर आरोपियों ने योजना बनाकर सहयोगियों के साथ मिलकर पिस्टल से फायरिंग की थी. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पिस्टल, 4 राउंड गोली, 1 देशी कट्टा, 1 राउंड गोली, 1 बोलेरो और 2 मोबाइल जब्त किये गए. सभी सामान को विधिवत जब्ती सूची बनाकर जब्त किया गया है.
गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अंकित यादव और नयन यादव, पिता जय कृष्ण यादव उर्फ रिंकू यादव, ग्राम द्रोपद राजापुर के रहने वाले हैं. दोनों पर पोड़ैयाहाट थाना में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 9 संगीन मामले दर्ज हैं. इनमें कांड संख्या 41/24 – धारा 302/120बी/27 आर्म्स एक्ट और कांड संख्या 213/23 – धारा 302/201/34 बीएनएस शामिल हैं. अंकित यादव पर सरैयाहाट थाना में लूट का कांड 91/2022, बौंसी थाना में आर्म्स एक्ट का कांड 64/2023 भी दर्ज है. तीसरा आरोपी अमरकांत गिरी उर्फ कारु तेतरिया टिकर का रहने वाला है.
कांड दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मुखिया अनुपम कुमार के लिखित आवेदन पर पोडैयाहाट थाना कांड संख्या 75/2026, दिनांक 18.06.2026 दर्ज किया गया था. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है. बरामद हथियार फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी से पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार में लोगों ने राहत की सांस ली है.
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं0 60/25, दिनांक 12.05.25, धारा-126 (2) 115 (2)/117 (2)/109(2)/3 (5) बीएनएस.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं0 41/24 दिनांक-05.04.24, धारा-302/120बी/504/506/509/323/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं0 213/23, दिनांक-23.12.23, धारा-302/201/34 भादवि.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं0 151/22, दिनांक-07.09.22, धारा-147/149/341/323/307/387/379/504/506 भादवि.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं० 05/22, दिनांक-05.01.22, धारा-341/323/307/387/379/504/506 भादवि.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं० 168/21, दिनांक-18.10.21, धारा-341/323/307/504/506 भादवि.
- पोड़ैयाहाट थाना कांड सं0 48/21, दिनांक-05.04.21, धारा-341/387/504/506/34 भादवि.
- सरैयाहाट थाना कांड सं0-91/2022, दिनांक-01.12.2022, धारा-394 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट (अभियुक्त अंकित यादव).
- बौंसी थाना कांड संख्या-64/2023, दिनांक-17.03.2023, धारा-25 (1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट (अभियुक्त नयन यादव).
ये भी पढ़ें…
Godda: पोड़ैयाहाट मुखिया अनुपम भगत पर जानलेवा हमला, दिनदहाड़े चली गोली
गोड्डा: पोड़ैयाहाट मुखिया पर फायरिंग के विरोध में प्रदर्शन, ग्रामीणों ने निकाला मशाल जुलूस
