मेहरमा थाना क्षेत्र के ढोलिया नदी में बुधवार की दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति का शव तैरता देखा गया. शव मिलने की सूचना आस-पास के लोगों में तेजी से फैल गयी. सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकवाया. इस दौरान सैकड़ों लोग मौके पर एकत्रित हो गये. स्थानीय लोगों ने शव की पहचान बलबड्डा थाना क्षेत्र के ढोढ़ा निवासी बलदेव सिंह (74 वर्ष) के रूप में की. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गयी. मृतक की पत्नी करमी देवी (70 वर्ष) ने आवेदन देकर पोस्टमार्टम न कराने की अनुमति दी. आवेदन में बताया गया कि बलदेव सिंह पिछले चार वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज भागलपुर और रांची में चल रहा था, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा था. पत्नी ने बताया कि पति तीन दिन से घर से बिना बताये गायब थे और उनकी खोज की जा रही थी. बुधवार को उनका शव ढोलिया नदी में मिलने की सूचना मिली. पत्नी ने किसी पर आरोप लगाए बिना पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया. थाना प्रभारी ने आवेदन के आधार पर शव को परिजनों को सौंप दिया, और उनका दाह संस्कार कर दिया गया.
मेहरमा में ढोलिया नदी में तैरता मिला वृद्ध का शव
-शव की पहचान के बाद परिजनों को दी सूचना, पोस्टमार्टम से परिजन ने किया इंकार
