श्रद्धा का केंद्र है मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर, शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां चरम पर

गोड्डा के राजकुमार नगर, भतडीहा स्थित मंदिर में 1987 से हो रहा भव्य आयोजन, झारखंड-बिहार से उमड़ते हैं श्रद्धालु

गोड्डा जिला मुख्यालय स्थित राजकुमार नगर, भतडीहा में अवस्थित मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम है. यह मंदिर संताल परगना क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र बन चुका है. मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर हर वर्ष भव्य आयोजन होता है, जिसमें मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की जाती है. मंदिर की स्थापना 1987 में स्व. रामपदारथ सिंह और कृष्ण सिंह ने की थी, जिनके पिता राजकुमार सिंह ने मंदिर निर्माण हेतु भूमि दान की थी. इसी कारण मुहल्ले का नाम राजकुमार नगर, भतडीहा पड़ा. वर्तमान में यह मंदिर क्षेत्र का सबसे भव्य दुर्गा मंदिर माना जाता है. 22 सितम्बर को कलश स्थापना के साथ पूजा आरंभ होगी. वहीं 3 अक्टूबर को एकादशी के दिन शोभायात्रा के बाद बाबूपाड़ा स्थित मूलर्स टैंक में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. यहां अष्टमी को महिलाओं द्वारा डलिया चढ़ाने की परंपरा है. दशमी को संताली नृत्य प्रतियोगिता और रावण दहन का आयोजन किया जाता है. वहीं चंडी पाठ, कुमारी पूजन, आरती और महा प्रसाद वितरण होता है. मंदिर परिसर में शिव-पार्वती, हनुमान और शीतला माता के मंदिर भी स्थित हैं. प्रतिमा निर्माण एवं आयोजन में भक्तों की सहभागिता अत्यंत सराहनीय है. न केवल गोड्डा, बल्कि बिहार और झारखंड से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. पूरे आयोजन की जिम्मेदारी मां वैष्णवी दुर्गा पूजा सेवा समिति (रजि.) निभाती है. समिति के स्थायी पदाधिकारियों में अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, संरक्षक अजय कुमार सिंह, सचिव बबलू कुमार सिंह, उपाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, उप सचिव अश्विनी आनंद, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार, उप कोषाध्यक्ष राहुल सिंह हैं. यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजे हुए है. नवरात्रि के दौरान यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ इसकी लोकप्रियता और मां वैष्णवी में लोगों की अपार आस्था का प्रमाण है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >