पंचायत भवन में बुलायी गयी आमसभा में ग्रामीणों ने किया मना
गोड्डा : सैदापुर व कन्हवारा पंचायत के बाद अब भतडीहा पंचायत में आयोजित ग्रामसभा में नगर परिषद में शामिल होने का विरोध ग्रामीणों ने किया. ग्रामसभा की अध्यक्षता मुखिया अंकिता मंडल ने की. इसमें जिप उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती सहित उपप्रमुख रंजना देवी भी शामिल हुईं. इस दौरान नगर परिषद में शामिल होने को लेकर लोगों से आम सहमति लेनी थी. लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया. ग्रामीणों ने बताया कि नगर परिषद में शामिल होने से कई अधिकार छीन जायेंगे.
नये करों को भी ग्रामीणों पर लाद दिया जायेगा. गांव व पंचायत में मजदूरों को कम-से-कम नरेगा के तहत 100 दिनों की मजदूरी दी जाती है. शहर में आने से यह खत्म हो जायेगी. साथ ही सिंचाई आदि की समस्या को भी लेकर भी ग्रामीणों ने कई सवाल उठाये. बताया कि नगर पंचायत में शामिल होने के बाद सिंचाई आदि योजनाएं भी बंद हो जायेगी. कई योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा. इसीलिये नगर परिषद में शामिल नहीं होना है. आम सभा के प्रस्ताव की कॉपी जिला प्रशासन को भेज दी गयी है.
