प्रेस वार्ता कर पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने दी जानकारी
कहा, बंदूक व लाठी के दम पर जमीन हड़पने की हो रही साजिश
कोर्ट का शपथ-पत्र डीसी को सौंपेंगे नौ गांव के रैयत
पावर प्लांट पर सीएम के घोषणा को बताया हवा-हवाई
गोड्डा : पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव रविवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री रघुवर दास के दो साल में अडाणी पावर प्लांट को चालू कराने की घोषणा को हवा-हवाई करार दिया है. श्री यादव ने कहा कि सरकार गोली व लाठी डंडा के बल पर रैयतों की जमीन हड़पने की साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि सात एवं आठ मार्च को पोड़ैयाहाट, गोड्डा व सुंदरपहाड़ी के दस गांव में हुई ग्राम सभा को रैयतों ने नकार दिया है. जिला प्रशासन के प्रपत्र-पांच में अपनी असहमति रैयतों ने जता दी है.
उन्होंने कहा कि नौ गांव के 500 रैयत न्यायालय से शपथ-पत्र दायर कर अपनी असहमति डीसी के पास सौपेंगे. ताकि उनके शपथ-पत्र को झूठलाया नहीं जा सके. इसमें पेटवी गांव के 110, पटवा गांव के 111, सोनडीहा के 51, माली के 81, गायघाट के 56, रंगनिया के आठ , गंगटा के 50, मोतिया के 60 तथा नयाबाद के 75 रैयतों ने शपथ-पत्र तैयार कर लिया है. इसके अलावा एक सौ और शपथ-पत्र तैयार हो रहा है.
जमीन बचाओ संघर्ष मोरचा सदस्य 21 को जायेंगे रांची
जमीन बचाओ संघर्ष मोरचा के सदस्य 21 मार्च को रांची जाकर वहां विधि विशेषज्ञों से आवश्यक विचार-विमर्श करेंगे. इसमें मुख्य रूप से परामर्श में न्यायालय में मुकदमा दायर करने संबंधी मामलों पर भी चर्चा होगी. प्रेस वार्ता में मनोज यादव, भाई चिंतामणि मुख्य रूप से उपस्थित थे.
