हादसा. बोआरीजाेर में अलग-अलग दो सड़क दुर्घटना
बांसबिट्टा के पास पुल से टकरा बाइक सवार सद्दाम की मौत
लोहसिंगना गांव के पास बाइक की संतुलन बिगड़ी, दो घायल
घायलों को किया गया भागलपुर रेफर
मृतक के परिजनों को दिया गया तत्काल 10 हजार रुपये
बोआरीजोर : बोआरीजोर थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग दो सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं इस घटना में दो लोग घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया. पहली दुर्घटना बोआरीजोर बोरियो मुख्य मार्ग में बांसबिट्टा गांव के पास हुई. बाइक सवार के पुल से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. यह घटना दोपहर 12 बजे के आसपास की है. सूचना पर थाना प्रभारी पवन कुमार झा मौके पर पहुंचे.
उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के ही जामु झरना निवासी सद्दाम अंसारी (38) शनिवार को बोआरीजोर से अपने गांव जामुझरना जा रहे थे. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से बाइक पुल से टकरा गयी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. बाइक को जब्त कर थाना लाया गया है.
इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मुआवजा की मांग को लेकर बोआरीजाेर-बोरियो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जम की सूचना पर बाेरियो विधायक ताला मरांडी, बीडीओ राजीव कुमार, प्रमुख चंदर हांसदा मौके पर पहुंचे. लोगों को समझाया. और तत्काल 10 हजार मृतक सद्दाम के परिजनों को दिया गया. वहीं मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन व आंबेडकर आवास देने का आश्वासन दिया. करीब दो घंटे के बाद ग्रामीणों ने सड़ जाम हटा दिया.
वहीं दूसरी घटना में बोआरीजोर श्रीपुर बाजार मुख्य मार्ग पर लोहसिंगना गांव के पास हुई. बाइक सवार दो लोग घायल हो गये. बोआरीजोर प्रखंड के कदमा निवासी बाइक सवार सुनील सोरेन व बड़ाभोड़ाय निवासी विनोद राय ठाकुरगंगटी से ललमटिया जा रहे थे. इसी दौरान लोहसिंगना के पास बाइक अनियंत्रित हो गयी और दोनों गिरकर घायल हो गये. बोआरीजोर स्वास्थ्य केंद्र में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सक ने दोनों घायलों को भागलपुर रेफर कर दिया. बाइक जब्त कर थाना लाया गया है.
