गणतंत्र क्रीड़ा सप्ताह में कैरम प्रतियोगिता
ज्ञानस्थली स्कूल के मनीष को 15-6 से हराया
काव्याश्री ने 17-6 से बहन कनक वल्लभी को हराया
गोड्डा : गणतंत्र सप्ताह क्रीड़ा सप्ताह समारोह के तहत इंडोर स्टेडियम में आयोजित कैरम प्रतियोगिता के जूनियर बालक एकल के खिताब पर बेथेल मिशन स्कूल के केतन चौधरी ने कब्जा जमा लिया है. ज्ञान स्थली स्कूल के मनीष को 15-6 अंक से हराकर केतन चौधरी ने खिताब अपने नाम किया. केतन के हाथों 18-0 से हारकर बेथेल मिशन स्कूल के रोहन राज तीसरे स्थान पर रहे. वहीं पुरुष वर्ग में सुमित कुमार झा ने सोमी को एवं राजू ने मनीष सिंह को हरा कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. जबकि महिला वर्ग के खिताब पर एक बार फिर से राष्ट्रीय खिलाड़ी काव्या श्री ने कब्जा जमा लिया है.
खिताबी मुकाबले में काव्याश्री ने 17-6 अंक से अपनी बहन कनक वल्लभी को हरा दिया है. युगत स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में काव्या व कनक की जोड़ी ने चंद्रकला व सिम्मी की जोड़ी को 25-0 से पराजित कर डबल्स का खिताब अपने नाम किया. इधर, पुरुष वर्ग के युगल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में अली उमर व राजू की जोड़ी ने मनीष सिंह एवं सुमित झा की जोड़ी को 19-3 से पराजित कर संयुक्त खिताब अपने नाम किया. जानकारी जिला कैरम संघ के सचिव सह आयोजन समिति के सदस्य संयोजक सुरजीत झा ने दी. बताया कि पुरुष एकल का खिताबी मुकाबला बुधवार को खेला जायेगा.
कवि सम्मेलन सह मुशायरा आज
गणतंत्र सप्ताह सांस्कृतिक समारोह के तहत बुधवार की शाम स्थानीय गांधी मैदान के मंच में अखिल भाारतीय कवि सम्मेलन सह मुशायरा का आयोजन किया जायेगा. कवि सम्मेलन में विभिन्न प्रदेशों से प्रख्यात कवि तथा कवियत्रियों द्वारा कविता का पाठ किया जायेगा. जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि जिप चेयरमैन बसंती देवी तथा विशिष्ठ अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अजीत सिंह होंगे. यह जानकारी संयोजक ओमप्रकाश शुक्ला तथा सह संयोजक प्रीतम गाड़िया ने दी. उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम गांधी मैदान में झारखंड बिहार मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली से आये कवियों द्वारा गांधी मैदान को गुलजार किया जायेगा.
