गोड्डा उप चुनाव. भाजपा के सौदान सिंह व त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
गोड्डा उप चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है. चुनाव में जीत दर्ज करने की रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए भाजपा के दिग्गज नेताओं ने गोड्डा पहुंच कर बैठक की. चुनाव जीतने की रणनीति बनायी.
देवघर : गोड्डा विधानसभा उप चुनाव में प्रचार-प्रसार अब जोर पकड़ने लगा है. कार्यकर्ताओं में जोश भरने और जीत की रणनीति पर मंथन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह, झारखंड भाजपा प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद डॉ रवींद्र राय, मंत्री राज पलिवार गोड्डा पहुंचे.
बंद कमरे में कार्यकर्ताओं से साथ नेताओं ने बैठक की. पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का टिप्स दिया. विकास और प्रत्याशी की छवि के बल पर ही भाजपा गोड्डा के वोटरों के दिल में 2014 की तरह इस बार भी जगह बनायेगी. इसलिए तमाम कार्यकर्ता बैठें नहीं, गोड्डा विधानसभा के एक-एक घर तक पहुंचें और जीत का अंतर पिछले चुनाव की अपेक्षा अधिक करें.
रणनीतिकारों ने भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश
विकास व प्रत्याशी की छवि पर जोर
तमाम रणनीतिकारों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वोटरों के बीच आप केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों के लेकर जायें. इसके अलावा प्रत्याशी की छवि पर अधिक जोर दें ताकि जनता के बीच अच्छा संदेश जाये और योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव करें.
बूथ पर मजबूत उपस्थिति हो
बैठक में इस बात पर भी रणनीति बनी कि गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में जितने भी बूथ हैं, सभी पर भाजपा की मजबूत उपस्थिति हो. वोटर घर से बाहर निकलें और वोट करें, इसके लिए भी कार्यकर्ताओं को पहल करना होगा. नेताओं ने कहा कि अधिक से अधिक पोलिंग हों, यह जीत के लिए बेहतर साबित होगा.
झारखंड प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा
गोड्डा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है. पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत, विकास के काम और जनता के आशीर्वाद से गोड्डा सीट जीतेंगे. लेकिन इसके लिए सबों को कड़ी मेहनत करनी होगी. विपक्षा का जो महागंठबंधन है. उसे ध्वस्त करने के लिए एक-एक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी है.
मंत्री राज पलिवार ने कहा
सरकार ने संतालपरगना और गोड्डा पर विशेष तबज्जो दिया है. विकास की कई योजनाएं पाइप लाइन में हैं. करोड़ों की योजना का शिलान्यास हो गया है. कुछ के काम भी शुरू हो गये हैं. इसके अलावा राज्य सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाओं को जनता के लिए लागू किया है. इन सभी उपलब्धियों को ही आधार बनाकर गोड्डा की जनता के बीच कार्यकर्ता जायें और गोड्डा के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करें.
