हुंकार . गोड्डा मेला मैदान में जेवीएम के विशाल आम सभा में बोले विधायक प्रदीप यादव
गोड्डा : एक बार फिर से अडाणी कंपनी को लेकर जेवीएम ने मोरचा खोल दिया है. बुधवार को गोड्डा मेला मैदान में जेवीएम की ओर से विशाल आमसभा का आयोजन किया गया. इसमें पार्टी महासचिव सह पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि आडाणी कंपनी पर रघुवर सरकार मेहरबान है.
पहले परसपानी से अडाणी को भगाये है, अब मोतिया गांव से अडाणी को भगाने का काम यहां के रैयत व जनता के सहयोग से करेंगे. कहा : ग्राम सभा का कानून है. 80 प्रतिशत ग्रामीणों की सहमति पर ही जमीन ली जा सकती है. लेकिन सरकार कंपनी को फायदा पहुंचाने में हर तरह के हठकंडे अपना रही है. मोतिया के लोग खेती पर आश्रित हैं. जमीन छिन जायेगी, तो किसान क्या बोयेंगे और क्या खायेंगे.
मोतिया की जमीन कंपनी को दिलाने में कुछ बिचौलिया सक्रिय हो गये हैं. फरजी सभा कर रैयतों को बरगाले का काम कर रहे हैं. एेसे लोगों को बता देना चाहते हैं कि कोई भी आम सभा की अध्यक्षता प्रणाली से होती है, मोतिया में जो आम सभा हुई उसमें वहां के मुखिया की अध्यक्षता में आम सभा कर रैयतों ने कंपनी को जमीन देने से इंकार किया है. रैयतों ने कहा कि जान देंगे लेकिन किसी भी हालत में जमीन नहीं देंगे.
प्रमुख को बेवजह फंसाया गया:
प्रदीप यादव ने गोड्डा प्रमुख को बेवजह फंसाया जा रहा है. जिस कर्मचारी ने प्रमुख पर आरोप लगाया है, वह दागी है. कमीशन मांगता है. पहले पौड़ैयाहाट में भी उसे कार्यशैली पर दंडित किया गया. गोड्डा ब्लॉक आने के बाद भी उसके कार्य पर बीडीओ की ओर से कार्रवाई की गयी है. अगर उस कर्मचारी से प्रमुख किसी मामले में कहने गये तो उस पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी. यह प्रमुख के खिलाफ अन्याय हुआ है. ऐसे कर्मचारी को नौकरी से बरखास्त करने की मांग डीसी से करेंगे.
मोतिया से गोड्डा मेला मैदान तक निकाली 11 किमी लंबी रैली
डॉ किरण पर हो 302 का मुकदमा दर्ज
प्रदीप यादव ने कहा कि डॉ किरण जायसवाल के निजी क्लिनिक में महिला का प्रसव करने को लेकर 20 हजार रुपये की फीस मांगी गयी. उसके पति ने 15 हजार रुपये जमा किया,
इसके बाद भ प्रसव के बाद इलाज नहीं किया. इससे महिला की जान चली गयी. इस मामले में डॉ किरण जायसवाल पर 302 का मुकदमा दर्ज करने की मांग की. सभा की अध्यक्षता जेवीएम जिलाध्यक्ष धनंजय यादव व संचालन प्रवक्ता दिलीप कुमार साह ने किया. इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, युवा नेता विकास सिंह, सभी प्रखंडों के प्रमुख, मुखिया, पंसस आदि थे.
जनप्रतिनिधियों काे मिले सम्मान
जिप उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती ने कहा कि जनप्रतिनिधि का सम्मान होनी चाहिए. चाहे वह छोटा हो या बड़ा. जनता ने प्रमुख बनाया है. एक साजिश के तहत प्रमुख को फंसाया गया है. पंचायती राज व्यवस्था को सरकार को नहीं चलानी तो चुनाव क्यों कराया. हक के लिए लड़ रहे तो पंचायत प्रतिनिधियों को झूठे केस में फसाया जा रहा है. डॉ किरण जायसवाल के क्लिनिक में प्रसूता को मार दिया जाता है, तो कोई कार्रवाई नहीं होती है. करहरिया में घर दबंगों द्वारा ढाह दिया जाता है, तो कई दिनों तक पुलिस मूकदर्शक बन जाती है.
जाने देंगे, जमीन नहीं देंगे का नारा किया बुलंद
अडाणी , डॉ किरण जायसवाल व गोड्डा प्रमुख सुशील मोदी प्रकरण को लेकर बुधवार को जेवीएम की ओर से मोतिया गांव से गोड्डा मेला मैदान तक रैली निकाली गयी. रैली का नेतृत्व झाविमो जिलाध्यक्ष धनंजय यादव ने किया. इसमें बड़ी संख्या में मोतिया गांव के रैयत, ग्रामीण व जेवीएम के कार्यकर्ता शामिल हुए. इसके अलावा सभी प्रखंड के प्रमुख, 16 मुखिया व 66 पंचायत समिति सदस्य भी शामिल हुए.
रैली के दौरान मोतिया गांव के रैयतों व किसानों के हाथों में जान देंगे, जमीन नहीं देंगे लिखी तख्ती थे. अडाणी के विरोध में लोगों ने आवाज बुलंद की. वहीं दूसरी ओर इसमें गोड्डा प्रमुख के साथ न्याय करो, कर्मचारी को बरखास्त करो के अलावा डॉ किरण जायसवाल पर 302 को मुकदमा दर्ज करों का नारे लगा रहे थे.
