गोड्डा : इन दिनों जिले में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है. वहीं स्वास्थ्य विभाग बीमारी को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है. आंकड़ों पर गौर किया जाये तो एक हफ्ते में आठ से 10 मलेरिया रोगी सदर अस्पताल में इलाज के लिये पहुंच रहे हैं. वहीं प्रखंड क्षेत्रों में तो हालत और भी खराब है.
मच्छरजनित बीमारियों से सबसे ज्यादा प्रभावित प्रखंडों में सुंदरपहाड़ी, बसंतराय और सदर प्रखंड के कुछ गांव हैं. वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से न तो फॉगिंग की जा रही है और न ही लोगों के बीच मेडिकेटेड मच्छरदानी का वितरण किया जा रहा है. जिला स्वास्थ्य विभाग आवंटन के अभाव का रोना रो रहा है. हालांकि पिछले हफ्ते विभाग की ओर से कुछ क्षेत्रों का सर्वे कराया गया था. जिनमे सुंदरपहाड़ी व बोआरीजोर के कुछ गांव हैं.
