महगामा : महगामा प्रखंड के लोगांय पंचायत में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. पंचायत क्षेत्र में जो विकास का सपना ग्रामीणों ने देखा था वह अब तक पूरा नहीं हो पाया. पंचायत में समस्याओं का मकड़जाल है. कई गांवों में आज भी पीसीसी सड़क व नाली का निर्माण नहीं कराया गया है. इस कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं कई गांवों में नाली नहीं बनने से सड़क पर ही घरों से निकलने वाले दूषित पानी का बहाव होता है. इस कारण सालों भर सड़क पर पानी भरा रहता है. पंचायत के ग्रामीणों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है. वहीं गरमी शुरू होते ही पंचायत में पानी के लिए हाहाकार मच जाता है. ग्रामीणों को पेयजल का इंतजाम करने के लिए कई किलोमीटर पैदल जा कर पानी लाना पड़ता है. पूरे पंचायत क्षेत्र में 60 चापानल है. जिसमें 45 चापानल खराब पड़े हैं. कई ग्रामीणों को वृद्धावस्था पेंशन व इंदिरा आवास का लाभ अब तक नहीं मिला है. पंचायत अंतर्गत लोगांय खुर्द, कसबा, असौता आदि गांव हैं.
