गोड्डा सदर प्रखंड क्षेत्र के घाट मंजवारा पंचायत अंतर्गत नयाडीह गांव में 24 घंटे के अखंड संकीर्तन की शुरुआत हुई. इसके साथ ही दो दिवसीय संतमत सत्संग का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को 24 घंटे के अखंड संकीर्तन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. इसके पश्चात सोमवार एवं मंगलवार को संतमत सत्संग का आयोजन किया जाएगा. पूरे आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. इस धार्मिक कार्यक्रम का संचालन एवं समस्त व्यवस्था स्थानीय समाजसेवी चमरू मांझी के नेतृत्व में की जा रही है. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारी की गयी है. गांव में पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं प्रसाद वितरण की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में गोड्डा सहित आसपास के कई गांवों एवं जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. संतमत सत्संग में मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में पूज्य स्वामी संपीदानंद जी महाराज एवं स्वामी नरेशानंद जी महाराज अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करेंगे. उनके प्रवचनों में मानव जीवन का उद्देश्य, भक्ति, सदाचार, गुरु महिमा तथा समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं गुरु महिमा का गुणगान होगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा रहेगा. ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा मिलता है.
दो दिवसीय संतमत सत्संग का शुभारंभ
नयाडीह गांव में 24 घंटे का अखंड संकीर्तन
