गोड्डा : गोड्डा जिला स्थित ठाकुरगंगटी प्रखंड के हरिदेवी रेफरल अस्पताल में गुरुवार को आयोजित विशेष शिविर में 130 गर्भवती महिलाओं की एएनसी स्वास्थ्य जांच की गयी. शिविर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा की उपस्थिति में चिकित्सक डॉ. गोपाल यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया. डॉ. गोपाल यादव ने बताया कि शिविर में पहुंची सभी गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गयी. इस दौरान यूरिन जांच, हीमोग्लोबिन, बीपी, एचआइवी, वजन, ब्लड शुगर सहित आवश्यकता के अनुसार अन्य चिकित्सकीय जांच भी की गयी. सभी महिलाओं को आयरन सुक्रोज की वायल उपलब्ध करायी गयी तथा आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया. चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी. उन्होंने भोजन से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने और गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए नियमित रूप से ओआरएस का घोल पीने की भी सलाह दी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में प्रत्येक माह विशेष शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क एएनसी जांच की जाती है. क्षेत्र की सहियाओं के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लाया जाता है, जहां उनकी स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की भी अपील की. शिविर के दौरान लिपिक सुधीर कुमार मुर्मू, सेवानिवृत्त प्रधान सहायक विनय कुमार सिन्हा, नर्स प्रिया कुमारी, सुशीला कुमारी, प्रियंका कुमारी, राजीव कुमार महतो, मनोज कुमार, जितेंद्र महतो, धर्मराज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
रेफरल अस्पताल में 130 गर्भवती महिलाओं की हुई निःशुल्क एएनसी जांच

जांच को पहुंची गर्भवती महिलाएं. | Prabhat Khabar Network
Copied link
गोड्डा जिला में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 130 गर्भवती महिलाओं ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया.