गोड्डा/ पथरगामा : सोमवार को जिले के बसंतराय, महगामा, पथरगामा आदि क्षेत्रों में देर रात बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. इससे किसान को फायदा हुआ है. सोमवार की दोपहर हुई बारिश ने जिले के लोगों को एक साल पुरानी घटना की याद ताजा कर दिया. 2017-8 मार्च को पोड़ैयाहाट प्रखंड के तीन पंचायत के साथ आधे दर्जन गांवों में भयंकर ओलावृष्टि के कारण फसलों को क्षति पहुंची थी. किसानों के खेत में करीब तीन से चार फीट बर्फ की मोटी परत जम गयी थी.
क्षेत्र के लगभग सभी बगीचे की पत्तियां टूट कर नीचे आ गयी थी. नदी नाले में बर्फ बहने से घने कोहरे व दिसंबर की याद दिला दी थी. इस संबंध में जिला परिषद सदस्य धनश्याम यादव का कहना है कि क्षेत्र के लोगों ने एक साल पुराने प्रकृति के इस मार का जख्म अबतक गहरा है. कई किसानों को अबतक मुआवजा नहीं मिला है. खासकर अषाढी माधुरी के किसानों को आज भी मुआवजा राशि को लेकर प्रखंड का चक्कर काटना पड़ रहा है.
सोमवार की दोपहर करीब 2:26 बजे पथरगामा प्रखंड क्षेत्र में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि हुई. यह एका-एक शुरू हो जाने से सड़कों पर अफरातफरी देखी गयी. आवागमन करनेवाले लोग ओले की चोट से बचने के लिए सड़क किनारे दुकानों की छावनी में दुबक गये. करीब 23 मिनट तक ओलावृष्टि का नजारा क्षेत्र में रहा. इस दौरान हल्की बारिश भी हुई.
